पाठ को पढ़ने के बाद संगतकार Class 10 NCERT Solutions को solve करने के बाद students के confidence को बढ़ावा मिलेगा| साथ ही अपने answers को भी check करने में मदद मिलेगी|

NCERT Solutions for Chapter 6 Sangatkar Class 10 Hindi

1. संगतकार के माध्यम से कवि किस प्रकार के व्यक्तियों की ओर संकेत करना चाह रहा है?

Solution

संगतकार के माध्यम से कवि उन व्यक्तियों की ओर संकेत करना चाह रहा है जो किसी काम को संपन्न कराने में भरसक योगदान देते हैं, किंतु सफलता का श्रेय उन्हें नहीं मिलता है। योग्य एवं प्रतिभासम्पन्न होने पर भी वे अपने को महत्त्व न देकर मुख्य व्यक्ति या मुख्य कलाकार के महत्त्व को बढ़ाने में ही सहायक के रूप में अपनी भूमिका निभाना अपना धर्म समझते हैं।

2. संगतकार जैसे लोग संगीत के अलावा और किन-किन क्षेत्रों में दिखाई देते हैं?

Solution

संगतकार जैसे लोग राजनीति, खेल, नृत्य, नाटक, सिनेमा, मूर्ति कला, चित्रकला जैसे क्षेत्रों में दिखाई पड़ते हैं।

3. संगतकार किन-किन रूपों में मुख्य गायक-गायिकाओं की मदद करते हैं?

Solution

संगतकार मुख्य गायक या गायिका के स्वर में स्वर मिलाकर गायन को अधिक प्रभावोत्पादक बनाते हैं। मुख्य गायक-गायिकाओं के कहीं गहरे चले जाने पर उनके मुखड़े को पकड़कर वे उन्हें वापस मूल स्वर पर ले आते हैं। वे मुख्य गायक-गायिकाओं की थमी हुई, टूटती-बिखरती आवाज को बल देकर उनका सहयोग करते हैं। उन्हें अकेला नहीं पड़ने देते हैं।

4. भाव स्पष्ट कीजिए-
और उसकी आवाज़ में जो एक हिचक साफ़ सुनाई देती है
या अपने स्वर को ऊँचा न उठाने की जो कोशिश है
उसे विफलता नहीं उसकी मनुष्यता समझा जाना चाहिए।

Solution

इन पंक्तियों में कवि मंगलेश ने मुख्य गायक के साथ सहायक गायक की भूमिका के महत्व का वर्णन किया है। संगतकार जान-बूझकर अपने स्वर को मुख्य गायक के स्वर से ऊंचा नहीं होने देते। यह संगतकार द्वारा किया गया त्याग है जो उसे सफलता से वंचित किए हुए हैं। यह उसकी मानवता का प्रमाण है।

5. किसी भी क्षेत्र में प्रसिद्धि पाने वाले लोगों को अनेक लोग तरह-तरह से अपना योगदान देते हैं। कोई एक उदाहरण देकर इस कथन पर अपने विचार लिखिए।

Solution

हमारे आस-पास और हमारे समाज में ऐसे अनेक लोग हैं जो मुख्य प्रशंसापात्र व्यक्ति की प्रसिदधि के पीछे लगातार अपना सहयोग देते रहते हैं। प्रसिद्ध नृत्यांगना सुधा चंद्रन की प्रसिद्धि के पीछे न जाने कितने संगतकारों अथवा सहायकों का योगदान है। चाहे वह एकल नृत्य प्रस्तुत करती हों अथवा समूह-नृत्य, नाम-यश तो सुधा चंद्रन को ही मिलता है।

6. कभी-कभी तारसप्तक की ऊँचाई पर पहुँचकर मुख्यगायक का स्वर बिखरता नज़र आता है उस समय संगतकार उसे बिखरने से बचा लेता है। इस कथन के आलोक में संगतकार की विशेष भूमिका को स्पष्ट कीजिए।

Solution

जब मुख्य गायक अपना गीत गाते-गाते अपने स्वर को ऊँचाई पर ले जाता है तो ऐसी स्थिति में कभीकभी उसका स्वर बैठने और बिखरने लगता है। उसका उत्साह मंद पड़ने लगता है। उसकी कला एवं गायन शक्ति समाप्त-सी होने लगती है। ऐसी स्थिति को कवि ने गायक के स्वर का बिखरना कहा है। कवि के अनुसार ऐसी दशा में संगतकार अपनी कोमल-कमज़ोर आवाज़ से गायक को उबार लेता है। स्थायी या टेक के द्वारा संगतकार का सहयोग अपने-आप में एक विशिष्ट भूमिका होती है।

7. सफलता के चरम शिखर पर पहुँचने के दौरान यदि व्यक्ति लड़खड़ाता है तब उसे सहयोगी किस तरह सँभालते हैं?

Solution

सफलता के चरम शिखर पर पहुंचने के दौरान यदि व्यक्ति लड़खडाता है तब उसके सहयोगी उसे साहस, हौसला बनाए रखने के लिए प्रेरित करते हैं। मैं उसकी हर प्रकार से सहायता करते हैं तथा वापस उसे चरम शिखर पर पहुंचाने के लिए मदद करते हैं।

रचना और अभिव्यक्ति

8. कल्पना कीजिए कि आपको किसी संगीत या नृत्य समारोह का कार्यक्रम प्रस्तुत करना है लेकिन आपके सहयोगी कलाकार किसी कारणवश नहीं पहुँच पाएँ-
(क) ऐसे में अपनी स्थिति का वर्णन कीजिए।
(ख) ऐसी परिस्थिति का आप कैसे सामना करेंगे?

Solution

(क) ऐसी स्थिति में सबसे पहले मैं अपने आपको अत्यंत असहाय-सा पाऊँगा। भीड़ को देखकर उन्हें समझाने में मुझे बहुत घबराहट होगी. किंतु फिर भी अत्यंत विनम्रता से सहयोगी कलाकार की अनुपस्थिति और अनुपस्थिति के कारण को बताकर उनसे क्षमा याचना करूँगा। जो कार्यक्रम मुझे प्रस्तुत करना था, उसे अवश्य प्रस्तुत करूँगा।

(ख) ऐसी विषम स्थिति का सामना करने के लिए थोड़ी-सी सूझ-बूझ और बहुत-सा धैर्य आवश्यक है| इस सम्बन्ध में हम आयोजकों और दर्शकों से क्षमा याचना तो अपनी मजबूरी बताते हुए करेंगे ही, लेकिन उन्हें अपनी प्रतिभा के बल पर निराश होकर नहीं जाने देंगे। अन्य कोई नृत्य-गीत प्रस्तुत करके अंत में महान कलाकार की आकस्मिक अस्वस्थता या दुर्घटना इत्यादि की बात बताकर सबसे क्षमा माँगेंगे।

9. आपके विद्यालय में मनाए जाने वाले सांस्कृतिक समारोह में मंच के पीछे काम करने वाले सहयोगियों की भूमिका पर एक अनुच्छेद लिखिए।

Solution

किसी भी विद्यालय में मनाए जाने वाले सांस्कृतिक समारोह की सफलता में कार्यक्रम में भाग लेने वालों के साथ-साथ सहायता करने वालों की भी महत्वपूर्ण भूमिका होती है। कार्यक्रम की आवश्यकता के अनुसार मंच का निर्माण, उसमें ध्वनि, प्रकाश, दृश्य, संगीत और अन्य सजावट की व्यवस्था, मादक व स्पीकर की व्यवस्था करने का महत्वपूर्ण काम कई लोग मिलकर सँभालते हैं। कलाकारों की पोशाकों की व्यवस्था करते हैं। समारोह के समय संगीत, प्रकाश और ध्वनि आदि में काम आने वाले उपकरणों को मंच के पीछे से ठीक समय पर व्यवस्थित कर देते हैं। उस समय की गई व्यवस्था ही नाटक को सफल बनाने में सहायक होती है।

10. किसी भी क्षेत्र में संगतकार की पंक्ति वाले लोग प्रतिभावान होते हुए भी मुख्य या शीर्ष स्थान पर क्यों नहीं पहुँच पाते होंगे?

Solution

किसी भी क्षेत्र में संगतकार की पंक्ति वाले लोग प्रतिभावान होते हुए भी मुख्य या शीर्ष स्थान पर इसलिए नहीं पहुँच पाते क्योंकि उन्हें कभी आगे आने का अवसर नहीं मिलता है। कभी-कभी लोग उन्हें आगे आने ही नहीं देते, पीछे रखकर ही उन्हें उपयोगी बनाए रखने को बाध्य करते हैं|